
सपा बूथ अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव के निधन पर घर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख, परिजनों को दी आर्थिक मदद और हरसंभव सहयोग का भरोसा
प्रिन्स शर्मा संवाददाता
रामनगर,अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क)
सियासत में अक्सर आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी सुर्खियां बनती हैं, लेकिन कभी-कभी जनप्रतिनिधियों का मानवीय चेहरा भी सामने आता है। ऐसा ही उदाहरण रामनगर ब्लॉक प्रमुख विकास यादव ने पेश किया। समाजवादी पार्टी के समर्पित बूथ अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही ब्लॉक प्रमुख उनके पैतृक गांव रामपुर मलिकपुर तेतरिया स्थित घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार के बीच बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया।
ब्लॉक प्रमुख विकास यादव ने मृतक प्रमोद कुमार यादव की पत्नी, बच्चों और माता-पिता से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद भी की और भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में परिवार खुद को अकेला न समझे। उन्होंने कहा कि प्रमोद कुमार यादव केवल पार्टी के बूथ अध्यक्ष नहीं, बल्कि समाजवादी परिवार के समर्पित साथी थे और उनके असमय निधन से पार्टी तथा क्षेत्र ने एक कर्मठ कार्यकर्ता खो दिया है।
विकास यादव ने कहा कि परिवार के इस कठिन समय में समाजवादी पार्टी और उसके पदाधिकारी उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि इंसान का असली परिचय उसके कठिन समय में साथ खड़े होने से होता है।
ब्लॉक प्रमुख की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा रही। आर्थिक सहायता के साथ परिवार के बीच पहुंचकर जिस तरह उन्होंने अपनापन दिखाया, उसे लोगों ने मानवीय संवेदना और दरियादिली की मिसाल बताया।
इस दौरान प्रधान संघ जिला अध्यक्ष राजबहादुर यादव, वरिष्ठ सपा नेता राजकुमार यादव, श्यामदेव यादव, ग्राम प्रधान रामपुर मलिकपुर नासिर खान, गयालाल यादव, जगदीश यादव, सुधीर यादव, निर्दोष यादव, संजय सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं शुभचिंतक मौजूद रहे।











