


(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 24 सितंबर 2026। श्रम विभाग के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत *मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, टांडा, अम्बेडकरनगर* के सौजन्य से अल्ट्राटेक परिसर में श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं श्रमिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
*कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वैभव मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी, अम्बेडकरनगर* द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में संत पाल, सहायक श्रमायुक्त, श्रीमती अनुपमा रानी, जिला सेवायोजन अधिकारी, अरविंद कुमार सोनकर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, अल्ट्राटेक के एचआर मैनेजर करुणा तिवारी सहित श्रम विभाग के अधिकारी/कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
इस दौरान शिविरों में बड़ी संख्या में श्रमिकों का ओपीडी परीक्षण तथा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। *स्वास्थ्य परीक्षण का शुभारंभ सर्वप्रथम मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा कराया गया* , जिसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों द्वारा भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
इस अवसर पर श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं श्रमिक हितकारी प्रावधानों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ई-श्रम पोर्टल, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं अन्य श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान श्रमिकों के मोबाइल फोन पर उपलब्ध *उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक ऐप* के माध्यम से श्रमिक सेवाओं से संबंधित विवरण को अद्यतन कराने हेतु आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया गया, ताकि पात्र श्रमिक शासन द्वारा संचालित योजनाओं का सुगमता से लाभ प्राप्त कर सकें।
*इसके अतिरिक्त मेसर्स एनटीपीसी विद्युत नगर, टांडा, अम्बेडकरनगर एवं मेसर्स बलरामपुर चीनी मिल्स,मिझौड़ा, अम्बेडकरनगर में भी श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया,* जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं ओपीडी किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।










