
*डीएम ईशा प्रिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित, ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर कार्यक्रमों की बनी कार्ययोजना*
(आशा भारती नेटवर्क)
महेश चंद्र गुप्ता/अंबेडकर नगर 21 सितम्बर 2026।
11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जनपद में विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महोदया द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयुर्वेद दिवस के सफल एवं प्रभावी आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस वर्ष 11वें आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” (Ayurveda for a Healthier Tomorrow) निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि आयुर्वेद स्वास्थ्य संवर्धन, रोग निवारण, उपचार, पुनर्वासन तथा स्वस्थ वृद्धावस्था की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आयुर्वेद की उपयोगिता एवं वैज्ञानिक जीवनशैली के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जनपद में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रकृति के आधार पर स्वास्थ्य विश्लेषण, दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग एवं रोग निवारक स्वास्थ्य से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही आयुर्वेद आधारित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली परामर्श, जनसामान्य के मध्य औषधीय पौधों का वितरण तथा निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवन शैली और रोगों की रोकथाम के संबंध में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। जनपद का मुख्य कार्यक्रम लोहिया भवन अकबरपुर में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. भावना शर्मा, डॉ. एकता गुप्ता, डॉ. कृष्ण गोपाल, डॉ. इन्द्रेश भास्कर, डॉ. सुनील कुमार सहित कार्यालय स्टाफ के प्रदीप कुमार मिश्र, दिवाकर चौधरी, स्वामी नारायण, चन्द्रशेखर यादव एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


11वें आयुर्वेद दिवस पर जनपद









