
सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का किया जा रहा वितरण, अक्टूबर माह के अंत तक सभी विकास खंडों में होंगे शिविर
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 12 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा जनपद के समस्त विकास खंडों में पशु चिकित्सा अधिकारियों की टीम गांव-गांव पहुंचकर निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर रही है। शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विकास खंड में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। अब तक टांडा, बसखारी, भियांव, जलालपुर एवं भीटी विकास खंडों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में *आज विकास खंड टांडा के अमेदा, जहांगीरगंज के इटौरी बुजुर्ग में पशु चिकित्सा शिविर तथा जलालपुर के ऊफरावली पठानपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला आयोजित किया गया।* अन्य विकास खंडों में भी अक्टूबर माह के अंत तक विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित कर पशुपालकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने पशुपालकों से अपील की है कि वे शिविरों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा आवश्यक दवाएं निःशुल्क प्राप्त कर विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं।










