(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर। देश के पूर्व राष्ट्रपति मिसाइल मैन डॉक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी के जीवन के संघर्षों सेवा समर्पण देश प्रेम और उनकी उपलब्धियां से हम सभी विद्यार्थियों को प्रेरणा लेते हुए देश की सुरक्षा और विकास में अपना अहम किरदार निभाना होगा उक्त बातें पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर ए.पी. जे. अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में शामिल बच्चों से मुखातिब होते हुए प्रधानाचार्य अब्दुर्रहमान खान ने कही।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को मॉडर्न पब्लिक स्कूल न्यौरी में भारत के महान वैज्ञानिक, ‘मिसाइल मैन’ एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जयंती के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में प्री-केजी से कक्षा 8 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाला उत्साह, उनकी कल्पनाशीलता और पोस्टर बनाने के प्रति उनकी रुचि देखते ही बनती थी। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से डॉ. कलाम जी के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
विशेष रूप से कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए आकर्षक एवं रचनात्मक पोस्टर सराहनीय रहे। बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और उत्साह ने यह साबित किया कि उचित मार्गदर्शन एवं अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी कल्पनाओं को सुंदर और प्रेरणादायक रूप दे सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर आसिफ फारूकी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी के जीवन, संघर्ष, समर्पण भाव को सभी विद्यार्थियों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे बड़े सपने देखें, निरंतर मेहनत करें और अपने ज्ञान एवं प्रतिभा के बल पर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करें।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं रचनात्मकता के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान करते हुए पुरस्कृत किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपना बहुमूल्य सहयोग देने वाले समस्त अभिभावक शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय के मैनेजर ने कहा कि विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं के समर्पण, सहयोग एवं जिम्मेदारीपूर्ण योगदान के बिना इस प्रतियोगिता का इतने सुचारु रूप से आयोजन संभव नहीं था।
विद्यालय परिवार सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उत्साह, मेहनत और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।










