(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर। ग्रामीण सड़कों को बेहतर बनाने के लिए शासन ने सात संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण और विशेष मरम्मत के लिए 4.69 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत जिले में कुल 15.10 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर स्वीकृत कार्यों में अकबरपुर-इलिकातगंज मार्ग से विक्रमपुर-जमुनीपुर-अकबेलपुर होते हुए लोदीपुर संपर्क मार्ग के 1.10 किमी हिस्से पर 53.94 लाख रुपये खर्च होंगे।
वहीं, बरियावन-किछौड़ा-शुकुल बाजार मार्ग की 1.20 किमी सड़क के लिए 50.89 लाख और जलालपुर मार्ग से सिकंदरपुर-कुर्की बाजार-शिवलीपुर होते हुए जमुनीपुर मार्ग के 1.40 किमी हिस्से के लिए 66.95 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इन सड़कों की भी होगी मरम्मत
माझा कम्हरिया संपर्क मार्ग के 2.90 किमी हिस्से पर 99.27 लाख, तिलक टंडा संपर्क मार्ग के दो किमी हिस्से पर 52.18 लाख और मसैपुर संपर्क मार्ग के दो किमी हिस्से पर 46.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा न्यौरी-रामनगर-चहोड़ा मार्ग से बिड़हर खास होते हुए कर्बई अंजनपुर संपर्क मार्ग के 4.50 किमी हिस्से की विशेष मरम्मत के लिए 99.95 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
सातों परियोजनाओं पर कुल 469.26 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़कें दुरुस्त होने से ग्रामीणों के साथ किसानों और व्यापारियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। अब इन कार्यों के धरातल पर शुरू होने और निर्धारित समय में पूरा होने का इंतजार है।








