
राजस्थान: राजस्थान के श्रीगंगानगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। यहां रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ है। घटना 50 GB गांव के पास की है।
धमाके में रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की जानकारी पाते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
ब्लास्ट में पटरी को सहारा देने वाले दो खंभे क्षतिग्रस्त
मिली जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद ही जोरदार धमका हुआ और पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कहा जा रहा कि अगर कुछ देर पहले ब्लास्ट होता तो ट्रेन इसकी चपेट में आ सकती थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी हरिशंकर ने जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया है। एसपी ने कहा कि अभी इस मामले पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच के बाद ही स्थिति पूरी साफ होगी।
हाल में बरामद किया गया था 7.5 किलो RDX
पाकिस्तान बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर में हाल ही में सीमावर्ती इलाके से 7.5 किलो RDX बरामद किया गया था। एसपी ने कहा कि आरडीएक्स से इसका कोई संबंध नहीं है। मामले की जांच चल रही है।
ट्रैक पर बम निरोधक दस्ता और FSL टीम जांच कर रही: एसपी
श्रीगंगानगर SP हरिशंकर ने बताया कि मैंने और मेरी टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। रेलवे के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। हमारी फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता रेलवे ट्रैक पर जांच कर रहा है। टीम सबूत जुटा रही है। सभी की जांच के बाद ही कुछ कहना संभव होगा। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह कोई धमाका था या कुछ और। हम फिलहाल स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल की जांच कर रहे हैं।










