- टांडा एनटीपीसी सम्हरिया चौकी से एनटीपीसी क्रॉसिंग तक वाहनों की लंबी कतारें, रोजमर्रा की परेशानी से जूझ रहे हजारों लोग; आखिर कब मिलेगी जाम से राहत?
टांडा अंबेडकरनगर।सम्हरिया चौकी के पास से एनटीपीसी क्रॉसिंग तक इन दिनों भीषण जाम की समस्या आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। यह कोई एक दिन की समस्या नहीं, बल्कि लंबे समय से इस मार्ग पर रोजाना लगने वाला जाम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। खासकर एनटीपीसी क्रॉसिंग के पास फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों के मुताबिक सम्हरिया से एनटीपीसी क्रॉसिंग तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक वाहन और अन्य यात्री वाहन जाम में घंटों फंसे रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। कई बार लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनटीपीसी क्रॉसिंग के पास बन रहे फ्लाईओवर निर्माण का कार्य मार्च तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर निर्माण कार्य कब तेजी पकड़ेगा और कब इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकेगी।
फ्लाईओवर निर्माण भविष्य में यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य के चलते आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी को चाहिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माण स्थल पर यातायात के बेहतर प्रबंधन, वैकल्पिक मार्गों के संकेतक और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रोजाना घंटों जाम में न फंसना पड़े।
अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता से लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाएंगे? या फिर सम्हरिया से एनटीपीसी क्रॉसिंग तक गुजरने वाले लोगों को मार्च तक इसी तरह जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा।









