
- जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ EDC केंद्रों के लिए कक्ष निर्धारण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, 20 नवंबर से प्रारंभ होगा EVM एवं VVPAT का प्रदर्शन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 18 नवम्बर 2026। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) के प्रदर्शन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु के साथ संबंधित कक्षों एवं स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने EVM एवं VVPAT प्रदर्शन केंद्र (EDC) के संचालन हेतु कक्ष निर्धारणतथा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय स्तर पर ई.वी.एम. प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाने हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 20 नवंबर 2026 से आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक ईवीएम एवं वीवीपैट के संबंध में मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
आयोग निर्धारित व्यवस्था के अनुसार EDC केंद्रों पर ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रदर्शन के लिए आवश्यक संख्या में मशीनें उपलब्ध रहेंगी। मतदाताओं को मॉक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कराया जाएगा। साथ ही मशीनों के उपयोग, मतदान प्रक्रिया तथा वीवीपैट से निकलने वाली पेपर पर्ची के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक EDC केंद्र पर एक कार्मिक/अधिकारी की तैनाती की जाएगी, जो ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रक्रिया से भली-भांति परिचित होगा तथा मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करेगा। केंद्रों का संचालन प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं, स्पष्ट साइनेज एवं जागरूकता संबंधी बैनर-स्टैंडी भी लगाए जाएंगे। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सविता सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ महेश चंद्र द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








