
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 19 नवम्बर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रैली, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, मेहंदी प्रतियोगिता एवं जनसंपर्क जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया। राम बाबा इंटर कॉलेज, रामबाबा – स्वयंसेविकाओं द्वारा मतदाता जागरूकता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। साथ ही अभिभावकों एवं ग्रामीणों से संपर्क कर मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। आर.डी.आर.के. इंटर कॉलेज, सिसानी जाफरगंज – मतदाता जागरूकता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान का संदेश दिया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कुर्की बाजार – छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित कर नागरिकों को लोकतंत्र में मतदान की महत्ता समझाई गई। पतिराजी देवी बालिका इंटर कॉलेज, दुल्लापुर – मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। मिश्री लाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज, टांडा – मेहंदी प्रतियोगिता, प्रभात फेरी एवं जनसंपर्क अभियान के माध्यम से अभिभावकों और ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। बालिका इंटर कॉलेज, बेगीकोल – अभिभावकों एवं ग्रामीण जनमानस से संपर्क कर मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकार एवं मतदाता की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। जनता इंटर कॉलेज, महरुआ गोला – मतदाता जागरूकता रैली एवं प्रभात फेरी का आयोजन कर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ राम बाबा इंटर कॉलेज, रामबाबा में प्रधानाचार्य डॉ. विपिन बिहारी सिंह द्वारा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसी क्रम में आर.डी.आर.के. इंटर कॉलेज, सिसानी जाफरगंज के प्रधानाचार्य दुर्गा प्रसाद सिंह तथा जनता इंटर कॉलेज, महरुआ गोला के प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह ने भी अपनी-अपनी इकाइयों के स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद में SVEEP एवं ELC के अंतर्गत संचालित समस्त मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आशुतोष सिंह, एन.एस.एस. प्रभारी, जनपद अम्बेडकर नगर के मार्गदर्शन एवं समन्वय में सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्वयंसेविकाओं ने आमजन को संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान में सहभाग करना आवश्यक है। मताधिकार केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।











