

अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों एवं राजस्व संबंधी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धि की योजनावार गहन समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने जननी सुरक्षा योजना भुगतान की प्रगति में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
इसके उपरांत राजस्व संबंधी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वरासत, नामांतरण, खतौनी संशोधन, राजस्व वादों यथा धारा 24, 34, 88 आदि के निस्तारण तथा अन्य लंबित प्रकरणों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति दर्ज की जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रत्येक सूचकांक जनपद के प्रशासनिक प्रदर्शन का महत्वपूर्ण आधार है, उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को जनपद की रैंकिंग एवं प्रदर्शन में सतत सुधार लाने तथा अपेक्षित प्रगति न लाने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










