
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रेषित प्लान ऑफ एक्शन 2026-27 के अनुपालन में चन्द्रोदय कुमार जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर के तत्वाधान में आज दिनांक 19.08.2026 को वृद्धाश्रम, अकबरपुर, अम्बेडकरनगर में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं भरण पोषण अधिनियम एवं अन्य विषयों पर विधिक साक्षरता / जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। वृद्धाश्रम अकबरपुर में आयोजित विधिक साक्षरता / जागरूकता शिविर में श्रीमती नीलम वर्मा, सचिव, (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण, पराविधिक स्वंयसेवक, प्रबन्धक वृद्धाश्रम, वृद्ध आश्रम के वृद्धजन एवं कर्मचारीगण आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।
श्रीमती नीलम वर्मा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृद्धाश्रम अकबरपुर में आयोजित विधिक साक्षरता / जागरूकता कार्यक्रम में वृद्धजनों को उनके अधिकारों के विषय में उनके हितों की रक्षा हेतु बने कानूनों के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा जानकारी दी गई कि शासन द्वारा वृद्धजनों के लिये कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिये उपयोगी कानून भी बनाये गये हैं। कार्यक्रम के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार दिनांक 01.08.2026 से दिनांक 30.08.2026 तक चलने वाले मध्यस्थता अभियान 3.0 की जानकारी दी गई तथा दिनांक 12.09.2026 को जनपद अम्बेडकरनगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी भी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पी०एल०वी०गण द्वारा भी उपस्थित वृद्धजनों को कई उपयोगी जानकारियां प्रदान की गई।
श्रीमती नीलम वर्मा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा वृद्धाश्रम अकबरपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव महोदया द्वारा वृद्धजनों से वार्ता करते हुये उनके भोजन, स्वास्थय, एवं अन्य समस्याओं के विषय में जानकारी प्राप्त की गई तथा समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। कुछ वृद्धजनों द्वारा पेंशन न मिलने की शिकायत की गई तथा कुछ वृद्धजनों द्वारा समय-समय पर शारीरिक जांच न होने की शिकायत की गई। प्रबन्धक वृद्धाश्रम को निर्देशित किया जाता है कि समाज कल्याण विभाग से पत्राचार करते हुये वृद्धजनों को पेंशन एवं अन्य लाभ दिलवाया जाना सुनिश्चित करें एवं कहा गया कि चिकित्सा विभाग से समन्वय स्थापित करते हुये सभी वृद्धजनों की समस्त प्रकार की शारीरिक समस्याओं की जांच करवाते हुये उचित उपचार भी करवायें, रामसुंदर द्वारा अपने घर जाने की इच्छा व्यक्त की गई एवं बलराम द्वारा अपने वाद की पैरवी हेतु निःशुल्क अधिवक्ता की मांग की गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रबन्धक वृद्धाश्रम को निर्देशित किया गया की जो वृद्धजन अपने घर जाना चाहते है उनको घर भेजने की व्यवस्था करायें तथा जिन भी वृद्धजनों को निःशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता है उनके प्रार्थना पत्र कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर में अविलम्ब प्रेषित करायें।
इसके अतिरिक्त आज दिनांक 19.08.2026 को सी०बी० सिंह लॉ कालेज के विधि छात्र-छात्राओं द्वारा कालेज के प्रोफेसरों की निगरानी में जनपद न्यायालय अम्बेडकरनगर का भ्रमण किया गया तथा न्यायालय परिसर में विचरण करते हुये न्यायालयी कार्यकलापों की जानकारी ली गई तथा माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मुलाकात की गई तथा न्यायिक अधिकारियों से कानूनी जानकारी प्राप्त की गई।











