
- दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹1500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी का किया अंतरण*
- जनपद में योजना के 1,77,840 लाभार्थी; कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण*
अंबेडकरनगर 03 नवम्बर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) दीपावली के शुभ अवसर पर मातृशक्ति के सपनों को साकार करने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा उनके स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज लोक भवन सभागार, लखनऊ से लगभग ₹1500 करोड़ की धनराशि के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का एक क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया।
इसी क्रम में जनपद अम्बेडकरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की उपस्थिति में उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, जिला विकास अधिकारी के साथ उज्ज्वला के लाभार्थियों को सब्सिडी का डेमो चेक एवं प्रमाणपत्र वितरित किया गया तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी गई।
जनपद में 1,77,840 लाभार्थी योजना से आच्छादित
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत केंद्र सरकार द्वारा 01 मई 2016 को गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने तथा उन्हें धुएं से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन, चूल्हा, गैस सिलेंडर, रेगुलेटर एवं पाइप उपलब्ध कराने का प्रावधान है। जनपद अम्बेडकरनगर में वर्तमान में योजना के कुल 1,77,840 लाभार्थी हैं।
दो चरणों में मिलेगा निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ
सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो गैस सिलेंडर रिफिल निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण में दीपावली के शुभ अवसर पर अक्टूबर से दिसम्बर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में होली के अवसर पर जनवरी से मार्च 2027 के मध्य गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जाएगी। इसकी सब्सिडी की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाती है।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि लाभार्थी को गैस एजेंसी से रिफिल बुक कराने के उपरांत सिलेंडर निर्धारित मूल्य पर प्राप्त करना होगा। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद केंद्र सरकार की ओर से ₹656.83 तथा राज्य सरकार की ओर से ₹356.17 की सब्सिडी सहित कुल ₹1013 की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली एवं होली के अवसर पर गरीब परिवारों को आर्थिक राहत तथा महिलाओं को स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उनके जीवन को और अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाने में सहायता मिलेगी।


दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना







