
- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 20 प्रतिभागियों का चयन
- निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 10-10 विद्यार्थियों ने बनाई राज्य स्तर पर जगह, निर्वाचन साक्षरता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
(आशा भारती नेटवर्क)
गिरजा शंकर गुप्ता
अंबेडकरनगर 17 नवम्बर 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशों के अनुपालन में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन साक्षरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन बी.एन. इंटर कॉलेज, अकबरपुर के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यालय स्तर, विकास खण्ड स्तर एवं विधानसभा स्तर पर आयोजित विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा लेखन कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता विकसित करना है, जिससे भावी मतदाता लोकतंत्र में अपनी सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित हो सकें।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुल 20 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इनमें निबंध प्रतियोगिता के 10 तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 10 प्रतिभागी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद अम्बेडकरनगर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन तथा मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में जुबैदा खातून, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर; वंदना सिंह, बी.एन. इंटर कॉलेज, अकबरपुर; रजनी यादव, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर तथा नूतन सिंह, मिश्री लाल आर्य इंटर कॉलेज, टांडा शामिल रहीं।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका एवं मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रभावी प्रयास किया गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धि जनपद के लिए गौरव का विषय है।








