जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई निर्वाचक नामावली
अंबेडकरनगर 17 नवंबर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जनपद की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त एकीकृत निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी तथा बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई।
इसी के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का जनपद में अवस्थित समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र यथा 277-कटेहरी, 278-टाण्डा, 279-आलापुर (अ०जा०), 280-जलालपुर एवं 281-अकबरपुर की फोटोयुक्त एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन आज दिनांक 17.11.2026 को समस्त पदाभिहित स्थलों पर कर दिया गया है। आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली दिनांक 17.11.2026 से 23.11.2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सम्बन्धित तहसील कार्यालयों एवं पदाभिहित स्थलों पर जन सामान्य के अवलोकनार्थ निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। उक्त प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जनपद में अवस्थित समस्त विधानसभाओं में कुल 1718210 मतदाता पंजीकृत है. जिसमें 921263 पुरुष मतदाता, 796941 महिला मतदाता एवं 06 थर्ड जेण्डर मतदाता है
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन एवं सत्यापन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं निर्धारित पदाभिहित स्थलों पर निःशुल्क किया जा सकता है। मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण एवं प्रविष्टियों की जांच कर लें तथा किसी प्रकार की त्रुटि अथवा अपात्र प्रविष्टि के संबंध में निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें।
*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का निर्धारित कार्यक्रम*
एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन – 17 नवंबर 2026।
दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि – 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ विशेष अभियान – 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026।
दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण – 28 दिसंबर 2026 तक।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन – 04 जनवरी 2027।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से निर्वाचक नामावली का सूक्ष्मता से अवलोकन कराते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कराने में सक्रिय सहयोग करें, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ महेश चंद्र द्विवेदी एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








