
- शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करें, प्रत्येक प्रकरण में स्पष्ट एवं तथ्यात्मक आख्या अपलोड करने के दिए निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 18 नवम्बर 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार शिकायतों की स्थिति एवं उनके निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित कर निस्तारण के उपरांत उसकी संतुष्टि की जानकारी अवश्य प्राप्त की जाए। साथ ही, प्रकरण से संबंधित स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। अतः सभी अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करें तथा अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी., जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपनिदेशक कृषि, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








