कृषक पी०ओ०एस० मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर लें, अन्यथा अभ्यर्थन होगा निरस्त
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 18 नवंबर 2026। जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि रबी 2026-27 अन्तर्गत जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर अनुदान पर वितरण हेतु गेहूं 10696.40 कुं०, चना 386.24 कुं०, मटर 156.80 कुं० तथा मसूर 26.24 कुं० बीज की उपलब्धता करायी गयी है, जिसका नियमानुसार वितरण कराया जा रहा है। कृषक भाइयों जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर 119.20 कुं० चना का बीज अनुदान पर वितरण हेतु उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त समस्त राजकीय कृषि बीज गोदामों पर 15.28 कुं० मसूर का बीज शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। जिन कृषक भाइयों ने बुकिंग करायी है, उनसे अपील है कि समय से अपने विकास खण्ड में स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डार पर आवश्यक अभिलेख के साथ उपस्थित होकर पी०ओ०एस० मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर लें। जिन चयनित किसानों द्वारा दिनांक 21 नवम्बर, 2026 तक अपना बीज प्राप्त नहीं किया जाता है, तो उनका अभ्यर्थन निरस्त करते हुये वरीयता कम में प्रतीक्षा सूची के कृषकों को बीज उपलब्ध करा दिया जायेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कृषक की होगी।








