
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करने और गन्ना उत्पादन को अधिक लाभकारी एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026 – 2027 से ‘गन्ना कृषक सम्मान योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत उत्कृष्ट गन्ना उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन एवं वितरण प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
उप गन्ना आयुक्त अयोध्या, संजय गुप्ता ने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आयुक्त गन्ना एवं चीनी उ.प्र. द्वारा गन्ना कृषक सम्मान योजना प्रारम्भ की जा रही है। योजना के अन्तर्गत प्रदेश की सभी गन्ना समितियों में ऐसे किसानों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने गन्ना खेती में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों। सरकार का उद्देश्य प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन बढ़ाना, प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज के उत्पादन और वितरण को प्रोत्साहित करना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना तथा अधिकतम गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
योजना के तहत चार श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पहली श्रेणी में पेड़ी गन्ना उत्पादकता के आधार पर क्राप कटिंग से चयन होगा। दूसरी श्रेणी में गुणवत्तापूर्ण बीज गन्ना उत्पादन एवं वितरण करने वाले किसानों को शामिल किया जाएगा। तीसरी श्रेणी प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने वाले किसानों के लिए होगी, जबकि चौथी श्रेणी में चीनी मिलों को सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का चयन किया जाएगा।
उप गन्ना आयुक्त ने आगे बताया कि प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों को क्रमशः 10 हजार रूपये, 7500 रूपये एवं 5 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विजेता किसानों को गन्ना समिति की सामान्य निकाय बैठक में शॉल, मोमेंटो एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
योजना में भाग लेने के लिए किसान का संबंधित गन्ना समिति का सदस्य होना, नियमित गन्ना आपूर्तिकर्ता होना तथा समिति का बकायेदार न होना आवश्यक है। साथ ही गन्ना आपूर्ति निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई होनी चाहिए। इच्छुक किसान निर्धारित 50 रूपये आवेदन शुल्क के साथ अपनी संबंधित गन्ना समिति में आवेदन जमा कर सकते हैं। हालांकि, सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति श्रेणी के लिए आवेदन शुल्क एवं आवेदन पत्र भरने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि यह योजना न केवल उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेगी, बल्कि गन्ना क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार और उत्पादकता वृद्धि को भी बढ़वा देगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होने के साथ ही प्रदेश की गन्ना उत्पादन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।











