

श्रमिक के हितों एवं बाल श्रम उन्मूलन पर जिलाधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 04 अगस्त 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में ‘‘जिला श्रम बन्धु’’ समिति, जनपद स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन समिति, जिला टास्क फोर्स एवं बन्धुआ श्रम सतर्कता समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्रमिक कल्याण, श्रम कानूनों के अनुपालन तथा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं नेशनल पेंशन स्कीम-ट्रेडर्स के अंतर्गत प्रगति बढ़ाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही वर्ष 2027 तक जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु नियमित रूप से विशेष अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत कार्यस्थल पंजीयन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्य 990 के सापेक्ष 266 अधिष्ठानों का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। उपकर (सेस) वसूली में ₹21.20 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष ₹3.13 करोड़ की प्रगति दर्ज की गई है। इस संबंध में संबंधित विभागों को उपकर की धनराशि समयबद्ध रूप से जमा कराने तथा ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद में अब तक कुल 1,42,906 श्रमिक पंजीकृत हैं, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 2,037 नवीन श्रमिक पंजीयन किए गए हैं। श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त 136 आवेदनों में से 125 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है तथा 11 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जो निर्धारित समय-सीमा के भीतर हैं।
कन्या विवाह सहायता योजना एवं मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से आच्छादित हैं, जिनमें जनपद द्वारा उत्कृष्ट प्रगति प्राप्त की जा रही है।
‘‘जीरो पॉवर्टी’’ कार्यक्रम के अंतर्गत 16,137 परिवारों के सत्यापन के उपरान्त लगभग 97 प्रतिशत परिवारों का पंजीकरण कराया जा चुका है। मात्र 328 परिवारों का पंजीकरण शेष है, जिसे शीघ्र ही शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है। पात्र परिवारों का श्रम कार्ड पंजीयन कराया जा चुका है तथा शेष पात्र परिवारों के शत-प्रतिशत पंजीयन हेतु विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं नेशनल पेंशन स्कीम-ट्रेडर्स के अंतर्गत जनपद की प्रगति संतोषजनक है। जनपद मण्डल में प्रथम एवं प्रदेश में चौथे स्थान पर है। इसके अतिरिक्त डॉ० भीमराव अम्बेडकर श्रमिक सुविधा केन्द्र (लेबर अड्डा) की स्थापना, बाल श्रम उन्मूलन तथा बन्धुआ श्रम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदया द्वारा संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, श्रम कानूनों का अनुपालन कराने तथा बाल एवं बन्धुआ श्रम के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्योग एवं श्रमिक प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।











