विकास कार्यों में लापरवाही पर बसखारी बीडीओ का रोका वेतन, सभी खंड विकास अधिकारियों को नोटिस
अंबेडकर नगर। जनपद में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करते ही वैभव मिश्रा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों के निरीक्षण में भारी लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कार्यों में शिथिलता मिलने पर सीडीओ ने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) को चेतावनी नोटिस जारी किया है।
प्रशासनिक स्तर पर की गई इस सख्त कार्रवाई के तहत बसखारी ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी पर सीधी गाज गिरी है। क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही मिलने पर बसखारी बीडीओ का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोक दिया गया है। सीडीओ के इस कड़े कदम से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों, सरकारी योजनाओं और प्राथमिक विकास कार्यक्रमों की मॉनिटरिग में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीडीओ को चेतावनी दी गई है कि वे अपने-अपने ब्लॉकों में गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से पूरा कराएं। प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










