
(आशा भारती नेटवर्क)
महेश चंद्र गुप्ता/अंबेडकरनगर, 07 अक्टूबर 2026। शासन द्वारा निर्गत निर्देशों तथा जिलाधिकारी, अंबेडकरनगर के आदेश के अनुपालन में जनपद के श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य का परीक्षण करने तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक तीन दिवसीय “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन लेबर अड्डा, शहजादपुर, अकबरपुर, अंबेडकरनगर में किया जा रहा है।
उक्त के क्रम में सहायक श्रमायुक्त, अम्बेडकरनगर के निर्देशन में दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों के साथ-साथ राहगीरों एवं उद्यमियों को भी निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय दल द्वारा कुल 146 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सीय परामर्श प्रदान करते हुए निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, यूनिट अकबरपुर के चिकित्सक डॉ. दूधनाथ वर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अकबरपुर से डॉ. रविकांत वर्मा, डॉ. स्वर्णिमा वर्मा, सूरज कुमार, फार्मासिस्ट, विकास वर्मा, एल.टी. एवं हर्ष वर्मा, इंटर्न फार्मासिस्ट द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बी.ओ.सी.डब्ल्यू.) के अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण, ई-श्रम से संबंधित पेंशन योजनाओं तथा अन्य विभागीय योजनाओं के संबंध में उपस्थित श्रमिकों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पात्र श्रमिकों का पंजीयन एवं नवीनीकरण भी कराया गया।
इसके अतिरिक्त श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से रोजगार के अवसरों, विभागीय सुविधाओं एवं श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “उ.प्र. डिजिटल लेबर चौक” ऐप उनके मोबाइल फोन में इंस्टॉल कराया गया तथा ऐप के उपयोग एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में श्रम विभाग से सन्त पाल, सहायक श्रमायुक्त, अंबेडकरनगर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारीगण, बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, यूनिट अकबरपुर से कैलाश चौधरी, एच.आर.मैनेजर, उद्योग विभाग से पवन कुमार वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर, उमेश पाण्डेय, जिला समन्वयक, मनीष, रंजन, ग्राम विकास सेवा संस्थान, अंबेडकरनगर (छठवें) सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, श्रम विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रचार वाहन के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा एवं श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता का प्रसार किया गया। प्रचार वाहन के माध्यम से श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, डिजिटल लेबर चौक एवं नवाचार आधारित सेवाओं, विशेष रूप से ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन आदि के संबंध में श्रमिकों एवं आमजन को जागरूक किया गया। यह प्रचार वाहन आगामी 02 दिवस तक संचालित रहेगा।
सहायक श्रमायुक्त, अम्बेडकरनगर ने जनपद के समस्त श्रमिक बंधुओं से अपील की है कि जो श्रमिक दिनांक 06 एवं 07 अक्टूबर 2026 को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा सके हैं, वे दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को लेबर अड्डा, शहजादपुर, अकबरपुर में आयोजित होने वाले शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों का लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने जनपद के श्रमिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में प्रतिभाग करने तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया है।


श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में









