- *दुकान की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव*
(आशा भारती नेटवर्क)
जलालपुर,अंबेडकर नगर। जलालपुर में स्थित मोहल्ला गंजा निवासी एक नवयुवक का दो दिन से बंद दुकान की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं परिवार में शोक का माहौल है। शुक्रवार को परिजनों ने नगर स्थित बालाघाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला गंजा, जलालपुर निवासी अतुल मद्धेशिया पुत्र उमेश मद्धेशिया दीपावली के दिन मुंबई से घर लौटा था। बताया जाता है कि भैया दूज के दिन वह मोहल्ला छाछू के नगपुर मोड़ स्थित अपनी मिष्ठान की दुकान पर बैठा था। शाम को उसने दुकान के काउंटर से मिठाई निकालकर खाई और इसके बाद दुकान की दूसरी मंजिल पर चला गया। इससे पहले उसने सुबह घर पर बताया था कि शाम को उसे एक बारात में जाना है। शाम को परिवार के अन्य सदस्य दुकान बंद कर घर चले गए।
बताया जाता है कि इसके बाद दो दिनों तक परिवार के लोग प्रतिदिन की तरह दुकान खोलते रहे, लेकिन किसी को ऊपर जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इसी बीच दुकान की दूसरी मंजिल से तेज दुर्गंध आने लगी। गुरुवार देर शाम दुकान पर मौजूद उसके भाई अखिल और पिता ऊपर पहुंचे तो वहां अतुल मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। बाद में शव को छाछू मोहल्ला स्थित दूसरे आवास पर ले जाया गया, जहां से शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।










