
- पूर्व सैनिकों एवं संबंधित लाभार्थियों को स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा ₹20 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख हुई
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 14 नवम्बर 2026। जनपद में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं सैनिक विश्राम गृह का लोकार्पण आज दिनांक 14 नवम्बर, 2026 को जनपद मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक रैली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर जनपद अम्बेडकर नगर में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय तथा रितेश पाण्डेय पूर्व सांसद उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस गरिमामयी अवसर पर कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उपस्थित पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सैनिक परिवारों एवं समस्त जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने जनपद को इस महत्वपूर्ण सौगात प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह नवनिर्मित भवन पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण, पुनर्वास तथा विभिन्न सुविधाओं को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उक्त भवन के निर्माण हेतु भूमि की स्वीकृति आयुक्त, अयोध्या मण्डल द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर, 2023 को प्रदान की गई थी। इसके उपरान्त निर्माण कार्य के लिए दिनांक 09 सितम्बर, 2024 को ₹432.43 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। निर्माण कार्य का भूमि पूजन दिनांक 17 दिसम्बर, 2024 को सम्पन्न हुआ तथा दिनांक 03 जनवरी, 2025 को तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात मार्च, 2025 में निर्माण कार्य प्रारम्भ किया गया।
निर्माण कार्यदायी संस्था UPSIDCO द्वारा भवन का निर्माण पूर्ण कर दिनांक 12 जून, 2026 को नवनिर्मित भवन एवं उससे संबंधित इन्वेंट्री का हस्तांतरण जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को कर दिया गया। इस प्रकार जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के लिए एक सुव्यवस्थित सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ निम्नलिखित महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई-
- 1. वीरता पुरस्कार विजेताओं की वार्षिकी (Annuity) में वृद्धिः वीरता पुरस्कार विजेताओं को प्रदान की जाने वाली वार्षिकी की धनराशि दोगुनी किए जाने की घोषणा की गई। साथ ही एकमुश्त वार्षिकी में वृद्धि किए जाने की घोषणा की गई।
- 2. स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा में वृद्धिः पूर्व सैनिकों एवं संबंधित पात्र लाभार्थियों को स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा ₹20 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किए जाने की घोषणा की गई।
- 3. युद्ध में शहीद/बैटल कैजुअल्टी कार्मिकों के आश्रितों को रोजगारः बैटल कैजुअल्टी के आश्रितों को उसी जनपद के अन्य विभागों में सेवायोजित किए जाने की घोषणा की गई।
नवनिर्मित सैनिक विश्राम गृह से जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सेवारत सैनिकों के परिजनों एवं उनके आश्रितों को सैनिक कल्याण से संबंधित कार्यों के निष्पादन तथा विश्राम की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।


नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय









