
अंबेडकर नगर 21 मई 2026। (आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आगामी 27 मई 2026 को ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी द्वारा प्रबुद्धजनों के साथ केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं/तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागवार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों, नगर निकायों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिदों, ईदगाहों एवं नमाज स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, कुर्बानी के उपरांत अवशेषों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण कराया जाए तथा चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने और नालियों की समयबद्ध सफाई कर जलभराव की स्थिति न उत्पन्न होने देने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर एवं झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवाएं सक्रिय रहें तथा आपात स्थिति से निपटने हेतु चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड में रखा जाए। जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्मी एवं भीड़भाड़ को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु फायर ब्रिगेड की टीम तत्पर रहे।
इस अवसर पर उन्होंने समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से की जाए। इस दौरान उन्होंने प्रबुद्ध जनों से अपील करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सोशल मीडिया में कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट ना हो, किसी भी प्रकार की सूचना हो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए।
बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों से जिलाधिकारी ने आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों एक-एक करके उनके सुझाव/समस्याओं को गंभीरता के साथ सुना गया। यह दौरान समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी थानों में पीस कमेटी की बैठक की जा चुकी है तथा उसमें प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत, समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।











