
वाजिदपुर जलालपुर में पशुपालकों को उपलब्ध कराई गई पशु चिकित्सा सेवाएं, FMD एवं LSD का किया गया टीकाकरण
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 21 सितम्बर 2026।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों एवं पशुधन के हित में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन करते हुए पशुओं का FMD (खुरपका-मुंहपका) एवं LSD (लम्पी स्किन डिजीज) टीकाकरण कराया जा रहा है।
इसी क्रम में वाजिदपुर, जलालपुर सहित विभिन्न ग्रामों में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान पशुओं की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ FMD एवं LSD का टीकाकरण किया गया तथा पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों से बचाव एवं समय से टीकाकरण कराने के संबंध में जागरूक किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालकों तक पशु चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं तथा किसी भी प्रकार के रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।
पशुपालन विभाग द्वारा अभियान के माध्यम से पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, रोग नियंत्रण एवं बेहतर पशुपालन प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे स्वस्थ पशुधन एवं सुदृढ़ पशुपालक परिवार की दिशा में प्रभावी कदम सुनिश्चित हो सके।











