अंबेडकर नगर 19 सितंबर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद अम्बेडकरनगर में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिलाधिकारी महोदया, अम्बेडकरनगर के अनुमोदन से श्रम विभाग एवं सेवायोजन विभाग द्वारा श्रमिकों एवं कामगारों के स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने के उद्देश्य से दिनांक 24 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, टांडा, अम्बेडकरनगर में विशेष श्रमिक कल्याण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
उक्त शिविर में श्रमिकों एवं कामगारों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा। शिविर में डिग्रीधारी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रमिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श सहज रूप से उपलब्ध हो सके। शिविर के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं हितलाभों के संबंध में श्रमिकों को विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र श्रमिकों का नवीन पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराया जाएगा तथा उन्हें पात्रतानुसार विभागीय योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।
श्रम विभाग द्वारा शिविर स्थल पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में श्रमिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं अनुमन्य हितलाभ के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पात्र श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
सहायक श्रमायुक्त द्वारा जनपद के श्रमिकों एवं कामगारों से अपील की है कि वे शिविर में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाएं।
सहायक श्रमायुक्त,
अंबेडकरनगर।








