ND vs ZIM T20 Series Match Timing: इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी 20 सीरीज में 0-4 की करारी शिकस्त झेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब उस निराशा को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
टीम इंडिया जिम्बाब्वे दौरे पर पहुंच चुकी है, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है. इंग्लैंड दौरे की नाकामी को भुलाकर भारतीय युवा ब्रिगेड इस सीरीज को जीतकर नए सिरे से शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
23 जुलाई से होगा सीरीज का आगाज
इस दौरे से जुड़ी सबसे बड़ी बात यह है कि भारतीय टीम के नियमित कोच गौतम गंभीर इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. उनकी जगह दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण को इस दौरे के लिए टीम इंडिया का कोच नियुक्त किया गया है। वहीं, टीम की कमान स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जिन्हें बतौर भारतीय कप्तान अपनी पहली जीत का इंतजार है. इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मैच में डेब्यू करने वाले वैभव को पिछले दौरे पर 3 मैचों में मौका मिला था, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे. अब जिम्बाब्वे के खिलाफ उनके पास खुद को साबित करने और टीम में अपनी जगह पक्की करने का यह एक सुनहरा और अहम मौका होगा।
शाम 7:30 बजे नहीं, इतने बजे शुरू होंगे मुकाबले
अमूमन भारतीय फैंस को टीम इंडिया के टी20 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से देखने की आदत है, लेकिन इस सीरीज में फैंस को एक अनोखी मैच टाइमिंग देखने को मिलेगी. भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले ये सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे. वहीं, सीरीज के शेड्यूल की बात करें तो पहला टी20 मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला 25 जुलाई और सीरीज का तीसरा मैच 26 जुलाई को खेला जाएगा. ये तीनों ही मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर खेले जाने हैं।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए पूरी भारतीय टी20 टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव।










