
आठ मिनट में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आत्मघाती प्रयास को किया असफल

(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 30 जुलाई 2026। सायं 04:55 बजे Meta द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया सेंटर को जनपद अबेडकरनगर निवासी 22 वर्षीय युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए आत्महत्या संबंधी अत्यंत चिंताजनक पोस्ट का अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय स्तर से तत्काल युवक की लोकेशन ट्रेस कर जनपद पुलिस को सूचना उपलब्ध कराई गई।

उक्त सूचना से पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सूचना प्राप्त होने के मात्र 08 मिनट के भीतर थाना अकबरपुर पुलिस टीम युवक के घर पहुंच गई। पुलिस टीम ने परिजनों को सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में जानकारी देते हुए तत्काल युवक के पास पहुंचकर देखा कि उसने अपने गले में तार लपेट रखा था तथा उसे कसने का प्रयास कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना विलंब परिजनों के सहयोग से उसके गले से तार हटाकर उसे सुरक्षित किया। उस समय युवक को सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। पुलिस टीम द्वारा परिजनों के सहयोग से उसका तत्काल प्राथमिक उपचार कराया गया।
युवक के सामान्य होने पर की गई काउंसलिंग में ज्ञात हुआ कि वह एक युवती से प्रेम करता था। युवती द्वारा अचानक बातचीत बंद कर दिए जाने के कारण वह मानसिक रूप से अत्यधिक व्यथित हो गया था और भावावेश में उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस एवं परिजनों द्वारा उसे समझाया-बुझाया गया, जिसके उपरांत युवक ने भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने का आश्वासन दिया।
यह त्वरित एवं जीवनरक्षक कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस एवं Meta की प्रभावी साझेदारी का परिणाम है। इस पहल के अंतर्गत 01 जनवरी 2023 से 20 जुलाई 2026 तक प्रदेश में कुल 3,455 लोगों के जीवन की रक्षा की जा चुकी है।
अम्बेडकरनगर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद अथवा आत्मघाती विचारों से जूझता हुआ दिखाई दे, तो उसकी उपेक्षा न करें। तत्काल उसके परिजनों, पुलिस अथवा संबंधित सहायता सेवाओं को सूचना देकर समय रहते सहयोग प्रदान करें। आपकी सतर्कता और संवेदनशीलता किसी अनमोल जीवन की रक्षा कर सकती है।










