अंबेडकर नगर 16 सितंबर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) श्रीमती नीलम वर्मा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा वन स्टाप सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया भवन की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। सचिव महोदया द्वारा उपस्थिति पंजिका एवं अन्य पंजिकाओं का भी निरीक्षण किया गया। सभी कर्मचारी उपस्थिति पाये गये। निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा वन स्टाप सेन्टर भवन में 02 बच्चियों को रखा पाया गया तथा बच्चियों द्वारा यह बताया गया कि उनके अभिभावकों से सम्पर्क किया गया है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वन स्टाप सेन्टर प्रबन्धक, श्रीमती रेवती राय एवं उपस्थित अन्य कर्मचारियों से भी वार्ता की गई एवं किसी के द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई।
इसके अतिरिक्त दिनांक 16.09.2026 को सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बाल कल्याण समिति कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री राम नायक वर्मा, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति के 04 सदस्यों में श्री वीरेन्द्र प्रसाद सिंह, उपस्थित थे अध्यक्ष द्वारा बताया गया की उनकी सेहत अधिकतर खराब रहती है एवं वे कार्यालय में ज्यादा समय नहीं रहते हैं। अन्य सदस्य श्रीमती शकुंतला गौतम काफी देर बाद उपस्थित आईं एवं अपने देर से आने का उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। दो अन्य सदस्य श्री मनोज एवं श्रीमती वत्सला त्रिपाठी अनुपस्थित रहे। 02 सदस्यों की अनुपस्थिति के सम्बन्ध में अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि वे अधिकतर अनुपस्थित रहते हैं। कम्प्यूटर सहायक सुश्री आरती भी अनुपस्थित थी एवं उनकी उपस्थिति के सम्बन्ध में अध्यक्ष द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन से पता चला की उपस्थिति विवरण जून 2026 तक ही उपलब्ध था, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति द्वारा बताया गया कि उपस्थिति बायोमैट्रिक सिस्टम से लगाई जाती है जिसका रिकार्ड कम्प्यूटर में दर्ज रहता है व कार्यालय कम्प्यूटर एवं प्रिंटर 02 माह से अधिक समय से खराब है इसलिये जून 2026 से वर्तमान समय तक का उपस्थिति विवरण उपलब्ध नहीं है। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति का कार्यालय एवं परिसर अत्यंत ही गंदा पाया गया कार्यालय की स्थिति बेहद खराब थी सफाई व्यवस्था के विषय में पूछे जाने पर अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि सफाई कर्मी न आने के कारण लम्बे समय से साफ सफाई नहीं हो पा रही। कार्यालय की अन्य पंजिकाओं एवं पत्रावलियों का भी अवलोकन किया गया। पंजिकाओं में इन्ट्री पूर्ण नहीं पाई गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा अध्यक्ष बाल कल्याण समिति को कार्यालय एवं परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिये जाने हेतु एवं परिसर की तत्काल सफाई करवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया एवं सदस्यों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली के सम्बन्ध में भी आवश्यक निर्देश दिये गये।









