
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, टीकाकरण एवं वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 29 मई 2026। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा अप्रैल माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में मलेरिया एवं डेंगू की जांच एवं उपचार से संबंधित अद्यतन आंकड़े वेक्टर जनित रोग कार्यक्रम पोर्टल पर समय से उपलब्ध न कराए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला मलेरिया अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही निजी चिकित्सालयों द्वारा की जा रही डेंगू एवं मलेरिया जांच की शत-प्रतिशत प्रविष्टि यूडीएसपी पोर्टल पर सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की समस्त प्रसव इकाइयों में जन्म लेने वाले शत-प्रतिशत नवजातों का ई-कवच एवं यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी लाभार्थियों को पूर्ण टीकाकरण से आच्छादित किया जाए। उन्होंने 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एंबुलेंसों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल एवं उपकेंद्र स्तर पर दवाओं की उपलब्धता के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद के सरकारी चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं की कोई कमी नहीं है।
कुष्ठ रोग कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने रोगियों की जांच संख्या कम होने पर जानकारी प्राप्त की। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुष्ठ रोगियों की संख्या अत्यंत कम है तथा जनपद कुष्ठ रोग उन्मूलन की स्थिति की ओर अग्रसर है।
बैठक में चिकित्सा इकाइयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति की पृथक रूप से समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शैवाल सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।











