राजेश प्रताप सिंह क्राइम रिपोर्टर
अंबेडकरनगर।(आशा भारती नेटवर्क) इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर एकसारा में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने आपसी विवाद के दौरान साड़ी से गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाने से मौत की पुष्टि होने की बात पुलिस ने बताई है।
जानकारी के अनुसार रमेश गौड़ पुत्र रमापति की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान रमेश गौड़ शराब के नशे में था।
इसी दौरान उसने कथित तौर पर साड़ी से पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इब्राहिमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई राम सिंगार पुत्र राम कुशल निवासी दहलवा,थाना गोसाईगंज,जनपद अयोध्या के प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी रमेश गौड़ को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका के तीन बच्चे हैं। मां की मौत से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










