- अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर अम्बेडकरनगर में भव्य आयोजन, 41 श्रमिकों को ₹29 लाख का हितलाभ वितरण
- विकसित भारत के लक्ष्य में श्रमिकों की अहम भूमिका—डीएम, योजनाओं का लाभ उठाने का किया आह्वान


महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ
अंबेडकर नगर 01 मई 2026।(आशा भारती नेटवर्क) अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आज दिनांक 01 मई 2026 को श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं नवीन श्रम संहिताओं के संबंध में जन-जागरूकता एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन सरगम सभागार,एनटीपीसी टांडा में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महोदया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को श्रमवीर दिवस एवं बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण एवं उसे विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण, उनके बच्चों की शिक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा और अनेक जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी समस्या के समाधान हेतु संबंधित तहसील, श्रम विभाग अथवा जिला कार्यालय से संपर्क करें, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रमिकों की भागीदारी बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने नवीन श्रम कानूनों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।
सहायक श्रमायुक्त द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं, जैसे—कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, निर्माण कामगार गंभीर बीमारी सहायता योजना, महात्मा गांधी पेंशन योजना आदि के साथ-साथ नए श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभों के संबंध में श्रमिकों को जागरूक किया तथा अटल आवासीय विद्यालय जैसी सुविधाओं की भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी के करकमलों द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 41 लाभार्थियों को कुल ₹29,00,721 का हितलाभ वितरित किया गया। इसमें निर्माण कामगार मृत्यु एवं विकलांगता पेंशन योजना के 04 लाभार्थियों को ₹9,00,000, ज्योतिबा फुले श्रमिक कन्यादान योजना के 01 लाभार्थी को ₹51,000, कन्या विवाह सहायता योजना के 16 लाभार्थियों को ₹8,80,000, शिशु मातृत्व बालिका सहायता योजना के 16 लाभार्थियों को ₹9,99,721 तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के 04 लाभार्थियों को ₹70,000 की धनराशि प्रदान की गई। इस अवसर पर आयोजित चिकित्सा शिविर में भी बड़ी संख्या में श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी., कार्यकारी निदेशक एनटीपीसी टांडा जयदेव परीदा, महाप्रबंधक (सतर्कता) सुभाष चंद्र सिंह, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) रजनीश खेतान, अपर जिला सूचना अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति सहित असंगठित क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा संगठित क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों ने भाग लिया, जिसमें महिला श्रमिकों की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।


अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर जन-जागरूकता








