
पांच राजकीय पशु चिकित्सालयों में कुत्तों को लगाया गया एंटी-रेबीज टीका
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग ने चलाया विशेष टीकाकरण अभियान
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 28 सितम्बर 2026।
अंतर्राष्ट्रीय रेबीज दिवस के अवसर पर जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा पालतू एवं निराश्रित कुत्तों के लिए विशेष निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनपद के राजकीय सदर पशु चिकित्सालय अकबरपुर, टांडा, जलालपुर, भियांव (रत्ना) एवं जहांगीरगंज में कुत्तों का निःशुल्क रेबीज टीकाकरण किया गया।
पशुपालन विभाग द्वारा बताया गया कि रेबीज एक विषाणुजनित एवं गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित पशु के काटने अथवा उसके संपर्क में आने से मनुष्य एवं अन्य पशुओं में भी फैल सकती है। कुत्तों में रेबीज की रोकथाम के लिए समय से टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अभियान के माध्यम से पालतू एवं निराश्रित कुत्तों का एंटी-रेबीज टीकाकरण किया गया।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में डॉग लवर्स एवं पशु प्रेमियों ने अपने पालतू कुत्तों के साथ-साथ निराश्रित कुत्तों का भी निःशुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन कराया। पशुपालन विभाग द्वारा आमजन से कुत्तों का समय से टीकाकरण कराने तथा रेबीज की रोकथाम के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।


अंतर्राष्ट्रीय रेबीज दिवस पर पालतू







