
- राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय जहांगीरगंज में देशभक्ति फिल्मों के विशेष प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं कर्तव्यबोध की भावना को किया गया प्रोत्साहित
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 11 अक्टूबर 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देश पर राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, जहांगीरगंज में विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं कर्तव्यबोध की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देशभक्ति पर आधारित फिल्मों का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगइयरसन टी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव, देश के प्रति समर्पण तथा नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करना रहा। देशभक्ति फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगइयरसन टी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन, कठिन परिश्रम एवं अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।










