
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं फसलों को नुकसान से बचाने के लिए 13 से 20 अक्टूबर तक चलाया जा रहा विशेष अभियान
पशुपालन, नगर पंचायत एवं ग्राम विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से निराश्रित गोवंशों को नजदीकी गौशालाओं में किया जा रहा संरक्षित
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की जनमानस एवं किसानों से अपील—गोवंशों को पकड़वाने एवं गौशालाओं तक पहुंचाने में करें सहयोग
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 14 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देश पर जनपद में 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक विशेष गोवंश संरक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंशों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान से बचाना है।
अभियान के तहत पशुपालन विभाग, नगर पंचायत एवं ग्राम विकास विभाग के समन्वय से सड़कों एवं खेतों में विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़कर निकटवर्ती गौशालाओं में संरक्षित किया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत गत दिवस तक कुल 12 गोवंश संरक्षित किए गए थे, जबकि आज 25 गोवंशों को विभिन्न गौशालाओं में संरक्षित किया गया है।
*जनसहयोग से ही सफल होगा अभियान*
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के समस्त किसानों एवं आमजन से अपील की है कि वे अपने ग्राम अथवा आसपास सड़कों एवं खेतों में विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों की सूचना संबंधित खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा संबंधित विभागीय अधिकारियों को दें तथा उन्हें सुरक्षित रूप से पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित कराने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों को पकड़ना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे केवल विभागीय प्रयासों से पूर्ण रूप से सफल बनाना कठिन है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने जनमानस से अनुरोध किया कि अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निराश्रित गोवंशों के संरक्षण में सहयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके तथा किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।











