
- जनगणना 2027 के अंतर्गत 07 मई से 21 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान, जिलाधिकारी ने जनसामान्य से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर, 07 मई 2026। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के सफल संचालन के दृष्टिगत जनपद अम्बेडकरनगर में स्वगणना अभियान को व्यापक रूप से संचालित किए जाने हेतु जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला समन्वय समिति तथा विभागवार नामित प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रंजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य दिनांक 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इससे पूर्व आमजन की सुविधा हेतु आज दिनांक 07 मई से 21 मई 2026 तक 15 दिवसीय स्वगणना अवधि निर्धारित की गई है। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न वर्गों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभागवार निर्धारित रणनीति के अनुसार व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वगणना प्रक्रिया में सहभागिता करें।
*जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “सही एवं समयबद्ध जनगणना से ही शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना संभव हो सकेगा।”* जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को डिजिटल स्वगणना से जोड़ते हुए अभियान को सफल बनाया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देश पर जनगणना निदेशालय से जनपद अम्बेडकरनगर में जनगणना हेतु नामित नोडल अधिकारी स्वगणना के संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए अवगत कराया गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 के अंतर्गत नागरिकों की सुविधा हेतु “स्व-गणना (Self Enumeration)” की व्यवस्था प्रारम्भ की गई है। इसके माध्यम से आमजन अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार एवं आवास संबंधी विवरण दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी है, जिससे नागरिकों का समय बचेगा तथा गणना कार्य और अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा।
स्व-गणना प्रक्रिया के प्रथम चरण में नागरिकों को https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने राज्य/केंद्र शासित प्रदेश का चयन करते हुए कैप्चा कोड दर्ज कर लॉग-इन करना होगा। इसके पश्चात परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी दर्ज कर परिवार पंजीकरण किया जाएगा। ध्यान रहे कि एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के लिए किया जा सकेगा तथा पंजीकरण के बाद परिवार के मुखिया का नाम परिवर्तित नहीं किया जा सकेगा।
द्वितीय चरण में नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करेंगे। इसके बाद जिले, गांव/नगर एवं स्थानीय क्षेत्र का विवरण भरना होगा तथा मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिन्हित करना होगा। लाल मार्कर को सही स्थान पर स्थापित कर निवास की पुष्टि की जाएगी, जिससे आवास की सटीक पहचान सुनिश्चित हो सके।
तृतीय चरण में नागरिकों को जनगणना प्रश्नावली भरनी होगी। प्रश्नावली में मकान सूचीकरण एवं परिवार संबंधी आवश्यक जानकारियां दर्ज की जाएंगी। पोर्टल पर उपलब्ध “आवश्यक सूचना” एवं “अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)” की सहायता से प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सकता है। जानकारी भरने के बाद पूर्वावलोकन (Preview) स्क्रीन पर दर्ज विवरण की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। पूर्ण संतुष्टि के बाद अंतिम प्रस्तुतिकरण (Final Submission) करना होगा। अंतिम प्रस्तुतिकरण के पश्चात किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।
प्रपत्र सफलतापूर्वक जमा होने पर नागरिकों को 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी, जो “H” अक्षर से प्रारम्भ होगी। यह SE ID एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएगी। क्षेत्रीय सत्यापन के दौरान जब जनगणना प्रगणक घर पहुंचेगा, तब नागरिकों को यह SE ID उपलब्ध करानी होगी। यदि दर्ज विवरण उपलब्ध अभिलेखों से मेल खाते हैं तो उन्हें स्वीकार कर लिया जाएगा, अन्यथा आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। *इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा स्व गणना से संबंधित विस्तृत जानकारी जनपद अंबेडकर नगर की वेबसाइट ambedkarnagar.nic.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।* इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कार्यालयों में स्वगणना हेल्प डेस्क भी बनाए जाने के निर्देश दिए।
अंत में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें तथा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।











