
*पशुओं को निःशुल्क दवाओं का वितरण, एफएमडी एवं एलएसडी टीकाकरण जारी*
अंबेडकरनगर 22 सितम्बर, 2026।(आशा भारती नेटवर्क) ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद में पशुपालन विभाग द्वारा गांव-गांव पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पशु चिकित्सा अधिकारियों, पशुधन प्रसार अधिकारियों, पैरा-वेट/पशु मित्रों एवं 1962 एंबुलेंस टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर पशुपालकों को पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकास खण्ड टांडा के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिवचन्द यादव द्वारा ग्राम हकीमपुर तथा पशु चिकित्सा अधिकारी इल्तिफातगंज डॉ. पंकज सिंह द्वारा ग्राम यादवपुर में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर के साथ ही ग्रामों में गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) एवं लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) से बचाव हेतु व्यापक टीकाकरण किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह के निर्देशन एवं जनपद के समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों के सुपरविजन में यह अभियान पशुधन प्रसार अधिकारियों, पैरा-वेट एवं पशु मित्रों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अब तक जनपद में 2 लाख से अधिक पशुओं को एफएमडी तथा 60 हजार से अधिक गोवंशीय पशुओं को एलएसडी का टीकाकरण किया जा चुका है।
एफएमडी टीकाकरण अभियान 30 सितम्बर 2026 तक तथा एलएसडी टीकाकरण अभियान 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान यदि कोई पशु टीकाकरण से छूट जाता है तो संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ऐसे पशुओं का भी टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
*पशुपालकों से सहयोग की अपील*
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान में पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने बताया कि टीकाकरण टीम द्वारा पशुओं का भारत पशुधन ऐप पर पंजीकरण भी किया जा रहा है, जिसमें पशु का विवरण आधार एवं मोबाइल नंबर से लिंक किया जाता है।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि पंजीकरण के लिए आवश्यक आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने में सहयोग करें। पंजीकरण के दौरान मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी विभागीय टीम को उपलब्ध कराना आवश्यक है, तभी पशु का पंजीकरण सफलतापूर्वक पूरा हो सकेगा। पशुपालकों से टीकाकरण एवं पंजीकरण कार्य में टीम का पूर्ण सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।










