
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 12.09.2026। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन माननीय उच्चतम न्यायालय, माननीय उच्च न्यायालय, जनपद न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय, ग्राम न्यायालय के साथ ही साथ समस्त तहसीलों व राजस्व न्यायालयों में भी किया जायेगा। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु श्री चन्द्रोदय कुमार, जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर की अध्यक्षता में श्री पवन कुमार शुक्ला अपर जिला जज-प्रथम/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत की उपस्थिति में जनपद न्यायालय अम्बेडकरनगर के समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण के साथ बैठक का आयोजन किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा सभी न्यायिक अधिकारियों को तत्काल सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित हो जाने वाले मामलों 138 एन०आई० एक्ट के मामले एवं अन्य छोटे-मोटे आपराधिक मामले जो जुर्म स्वीकृति के आधार पर निस्तारित हो जाये, उन्हे अधिक से अधिक संख्या में निस्तारित करने का प्रयास करें। सभी न्याधिक अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वह न्यायालयों में वर्षों से लम्बित मुकदमों का अधिक से अधिक निस्तारण कर इस लोक अदालत को अभी तक की सफलतम लोक अदालत बनाने का प्रयास करें।
सचिव, जि०वि० से०प्रा० ने यह भी बताया गया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के क्रम में दिनांक 09.09.2026 से 11.09.2026 तक पेट्टी आफेन्स की विशेष लोक अदालत एवं दिनांक 10 सितम्बर से 12 सितम्बर तक 138 एन०आई० एक्ट एवं कन्टेशियस वादों की विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जायेगा।
इसके अतिरिक्त आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12.09.2026 की सफलता हेतु श्री पवन कुमार शुक्ला माननीय अपर जिला जज प्रथम / नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता में एवं श्रीमती नीलम वर्मा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की उपस्थिति में जनपद के विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारीगण के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में डा० पुष्पेन्द्र, अपर उपजिलाधिकारी / नोडल अधिकारी रा०लो०अ० (राजस्व विभाग), प्रेमचन्द, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड, अकबरपुर अम्बेडकरनगर, श्री विनय वर्मा, जिला सूचना अधिकारी अम्बेडकरनगर, श्री कमलेश भारकर, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ बड़ौदा अम्बेडकरनगर, श्री राजमणि वर्मा, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद् अकबरपुर एवं श्री सतेन्द्र सिंह, अवर अभियन्ता, नगर पालिका परिषद उपस्थित रहे।
श्री पवन कुमार शुक्ला, अपर जिला जज प्रथम / नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत द्वारा उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण किये जाने एवं नोडल अधिकारी (राजस्व विभाग) को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया तथा जिला सूचना अधिकारी को राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार प्रसार विभिन्न रीतियों से करवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया।










