
जिलाधिकारी ने रुकुनुद्दीनपुर गौशाला पहुंचकर किया गो-पूजन, गोवंशों को खिलाया गुड़, केला एवं हरा चारा

अंबेडकर नगर 04 सितम्बर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जनपद की समस्त गौशालाओं में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशालाओं में विधिवत भगवान श्री कृष्ण एवं गोवंश का पूजन तथा हवन किया गया। गोवंशों को गुड़, केला, चना एवं हरा चारा खिलाया गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने विकासखंड अकबरपुर के रुकुनुद्दीनपुर स्थित गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विधिवत गो-पूजन कर गोवंशों को गुड़, केला एवं हरा चारा खिलाया। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अकबरपुर, खंड विकास अधिकारी अकबरपुर, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रशासक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। इसी के साथ ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने रानीपुर मोहन गौशाला पहुंचकर गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया। जनपद में वर्तमान में 31 गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें कुल 5,158 गोवंश संरक्षित हैं। सभी गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसा, पशु आहार एवं हरा चारा उपलब्ध है। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों, पशु चिकित्सा अधिकारियों, पंचायत सचिवों, पशुधन प्रसार अधिकारियों एवं ग्राम प्रशासकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की गौशालाओं में जन्माष्टमी पर्व मनाया गया।
गौशाला भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी गोवंशों की विशेष निगरानी एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश पशुपालन विभाग को दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारी को गौशाला में साफ-सफाई, चारा, पेयजल, आश्रय एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।










