
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर। बरियावन-किछौछा मार्ग पर रविवार की रात दबंगों का ऐसा तांडव देखने को मिला कि दर्जनों परिवार रातों-रात बेघर हो गए। रात करीब 11 बजे तीन जेसीबी मशीनों और हथियारों से लैस चार दर्जन से अधिक अज्ञात दबंगों ने बंजर भूमि पर बने दर्जनों मकानों और दुकानों को जमींदोज करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दबंगों ने पहले हथियारों के बल पर मार्ग को दोनों तरफ से घेर लिया। विरोध करने पर स्थानीय लोगों को खुलेआम धमकाया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हमलावरों ने इतनी तेजी से कार्रवाई की, कि पीड़ित परिवारों को घरों में रखा जरूरी सामान, नकदी और दस्तावेज तक निकालने का मौका नहीं मिला। चंद मिनटों में कई आशियाने मलबे के ढेर में तब्दील हो गए।
इस खौफनाक तोड़फोड़ में डॉ. चंद्रदेव, जयराम, कमलेश, राजेश, विपिन, रविंद्र, सुरेंद्र कुमार, राकेश, नरेंद्र नाथ, राजू, संदीप कुमार रंजन, रामकीरत, शोभाराम और अनिल कुमार धारीकर समेत कई लोगों के आवास उजड़ गए हैं। अब ये सभी पीड़ित परिवार अपने बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
घटना के बाद से पीड़ितों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बेघर हुए परिवारों ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि दबंगों के इस अवैध कृत्य पर तुरंत संज्ञान लिया जाए, आरोपियों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।








